कितनी नावों में कितनी बार
कितनी दूरियों से कितनी बार
कितनी डगमग नावों में बैठ कर
मैं तुम्हारी ओर आया हूँ
ओ मेरी छोटी-सी ज्योति!
कभी कुहासे में तुम्हें न देखता भी
पर कुहासे की ही छोटी-सी रुपहली झलमल में
पहचानता हुआ तुम्हारा ही प्रभा-मंडल।
कितनी बार मैं,
धीर, आश्वस्त, अक्लांत—
ओ मेरे अनबुझे सत्य! कितनी बार…
और कितनी बार कितने जगमग जहाज़
मुझे खींच कर ले गये हैं कितनी दूर
किन पराए देशों की बेदर्द हवाओं में
जहाँ नंगे अंधेरों को
और भी उघाड़ता रहता है
एक नंगा, तीखा, निर्मम प्रकाश—
जिसमें कोई प्रभा-मंडल नहीं बनते
केवल चौंधियाते हैं तथ्य, तथ्य—तथ्य—
सत्य नहीं, अंतहीन सच्चाइयाँ…
कितनी बार मुझे
खिन्न, विकल, संत्रस्त—
कितनी बार!
कॉपीराइट-सूचना: यह रचना सार्वजनिक डोमेन (Public Domain) स्रोत से संकलित की गई है। यदि यह प्रकाशित सामग्री किसी कॉपीराइट, बौद्धिक संपदा या अन्य वैध अधिकारों का उल्लंघन करती है, तो कृपया उचित प्रमाण सहित हमसे संपर्क करें। अनुरोध प्राप्त होने पर उसकी निष्पक्ष जाँच की जाएगी और आवश्यक होने पर संबंधित सामग्री का सीमित प्रदर्शन या उसे पूर्ण रूप से हटा दिया जाएगा। अधिक जानकारी हेतु कृपया हमारी कॉपीराइट नीति देखें।
